राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा दिल्ली पहुंच गए है। मंगलवार को दिन में ईडी दफ्तर तक पैदल मार्च और धरना प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस नेताओं ने अगल रणनीति तय करने के लिए देर शाम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर बैठक की। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में अगली रणनीति तय की गई, इसके बाद रात को ही नेताओं ने दिल्ली कूच करने का फैसला किया। रात को ही बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता दिल्ली के लिए निकल गए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार सभी मंत्रियों और विधायकों को जरूरत पड़ने दिल्ली बुलाया जा सकता है। पुष्पेंद्र भारद्वाज, अर्चना शर्मा, विधायक अमीन कागजी समेत अलवर से भी नेता और कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने स्पष्ट कहा कि मलाई खा सकते हैं तो राहुल गांधी के लिए लाठी भी खाने के लिए तैयार रहना चाहिए। डोटासरा ने धरने में गनमैन के साथ आने वाले मंत्रियों को भी नसीहत दी।
गहलोत और बड़े नेता पहले से ही दिल्ली में
सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कांग्रेस के बड़े नेता पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं। सीएम अशोक गहलोत ने बड़े नेताओं के साथ मंगलवार को गिरफ्तारी भी दी थी। राजस्थान से जुड़े कांग्रेस के बडे पदाधिकारी पहले से दिल्ली में मौजूद हैं। गुजरात प्रभारी रघु शर्मा, पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी,भंवर जितेंद्र सिंह, यूपी के सहप्रभारी सचिव धीरज गुर्जर और पूर्व विधायक जुबेर खान के अलावा राजस्थान के कई नेताओं ने दिल्ली में मोर्चा संभाला है। सीएम गहलोत ने भाजपा पर केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। सीए गहलोत ने कहा कि मोदी सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है।
संबंधित खबरें
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने किया था प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को ईडी का समन देने के विरोध में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सी स्कीम स्थित ईडी के दफ्तर सामने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद धरने को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर आरोप लगाया कि कांग्रेस न डरेगी और न झुकेगी। राहुल गांधी सावरकर नही है। हम गांधीवादी विचारधारा को मानते हैं। लोकतंत्र में पूरा विश्वास है। पीएम मोदी हिटलर की तरह काम कर रहे हैं। राहुल गांधी मोदी सरकार की गलत नीतियों का विरोध कर रहे हैं। इसलिए पीएम मोदी राहुल गांधी को निशाना बना रहे हैं।