India Richest Women: कोटक प्राइवेट बैंकिंग-हुरून ने भारत की सबसे अमीर महिलाओं की सूची जारी की है। सबसे अमीर 100 महिलाओं की सूची में 25 महिलाएं दिल्ली-एनसीआर, 21 हिलाएं मुंबई और 12 हैदराबाद की रहने वाली हैं। लेकिन, हम यहां इन महिलाओं की बात नहीं कर रहे हैं। हम बात कर रहे हैं राजस्थान के झुंझुनूं की रहने वाली कनिका टेकरीवाल की। कनिका का नाम टॉप 10 की सूची में नहीं है, फिर भी उनके नाम की खूब चर्चा हो रही है। ऐसा इसलिए है क्योंकि कनिका इस लिस्ट की सबसे कम उम्र की अमीर महिलाओं में शामिल हुई हैं। कनिका की संपत्ति में 50 फीसदी की इजाफा हुआ है, अब उनके पास 420 करोड़ की कुल संपत्ति है।
33 साल की कनिका टेकरीवाल झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी उपखंड के बड़ागांव की रहने वाली है। देश की सबसे कम उम्र की अमीर महिला बनने के बाद उनके नाम की चर्चा जोरों पर हो रही है। यहां हम आपको बताएंगे कि कनिका क्या करती हैं और यहां तक वह कैसे पहुंची? कनिका ‘जेट सेट गो’ नाम से एक कंपनी चलाती हैं। वह इस कंपनी की सीईओ और फाउंडर भी हैं। यह कंपनी प्राइवेट जेट और हेलिकॉप्टर्स किराए पर मुहैया कराती है। उनके पास 10 प्राइवेट जेट हैं और उनकी संपति 420 करोड़ करोड़ रुपये है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कनिका टेकरीवाल ने 17 साल की उम्र में एक एविएशन कंपनी में काम शुरू किया था। यहां काम करने के दौरान उनके मन में खुद की कंपनी शुरू करने की बात आई। लेकिन, तीन साल बाद 20 साल की उम्र में उन्हें कैंसर हो गया। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कनिका ने अपनी बीमारी को लेकर कहा था कि इसने मुझे पहले से और मजबूत बना दिया है। उन्होंने यह भी बताया था कि ब्रिटेन में एक सहकर्मी के साथ बात करते हुए जेट-सेट-गो शुरू करने का आइडिया आया था।
कनिका ने इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने 24 साल की उम्र में अकेले की दम पर यह कंपनी शुरू की थी। शुरुआत के दिनों में वह खुद ग्राहकों से नाम बदल-बदलकर बात किया करती थीं। धीरे-धीरे लोगों को कंपनी के बारे में पता चला और यह बड़ी हो गई। भारत सरकार ने कनिका को ई-कॉमर्स के लिए नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप अवार्ड भी दिया है। साल 2016 में फोर्ब्स ने रिटेल और ईकॉमर्स के मामले में एशिया की अंडर 30 सूची में उन्हें जगह दी। अगले साल 2017 में फोर्ब्स ने एशिया ऑल स्टार एलुमिनी की अंडर 30 सूची में भी कनिका को शामिल किया था।
कनिका के पिता अनिल टेकरीवाल रियल एस्टेट और केमिकल का कारोबार करते हैं। कनिका की शुरुआती पढ़ाई दक्षिण भारत के एक बोर्डिंग स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कनिका को अक्टूबर के पहले हफ्ते में अपने पैतृक बड़ागांव आएंगी। उनके सम्मान के लिए यहां एक भव्य आयोजन किया जाएगा।