पुलिस गिरफ्त में दोनों बहनें।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राजस्थान के टोंक जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दो सगी बहनों ने अपने ही ससुराल में चोरी कर ली। दोनों ने घर में रखे करीब 12 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने दोनों बहनों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शहर के टोंक थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड स्थित मकान की है।
पुलिस ने बताया कि 5 जून को महिला कंचन देवी जाट ने चोरी का केस दर्ज कराया था। अपनी शिकायत में उसने बताया कि 4 जून को उत्तर प्रदेश के धार्मिक स्थल गिरीराज महाराज के यहां दर्शन के लिए गई थी। अगले दिन सुबह वापस लौटी तो घर में चोरी की घटना का पता चला।
पुलिस ने जांच के बाद किरण और उसकी बहन कर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि कर्मा और किरण दोनों सगी बहनें हैं। उनकी शादी कंडेर इलाके में रहने वाले दो सगे भाइयों विकास और विशाल से हुई है। किरण के पति विकास ने कुछ महीने पहले अपनी सास से रुपये उधार लिए थे। जिसके बाद स विकास रुपये लौटा नहीं रहा था, अपनी सास का कॉल भी वह नहीं उठा रहा था।
इधर, कर्मा अपने पति विशाल से झगड़े के बाद मायके चली गई थी। कुछ दिन से वह वहीं रह रही थी। इसी के चलते किरण और कर्मा ने घर में चारी करने की योजना बनाई। जिसके बाद उन्होंने घर में रखे गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों बहनों ने घर में रखे करीब 12 लाख रुपये के गहने चोरी कर लिए।
शक के आधार पर पुलिस ने दोनों बहनों को उनके पीहर से हिरासत में लिया, जिसके बाद की गई पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों के पास से चोरी के गहने जब्त कर लिए हैं।